दतिया नगर पालिका में बड़ा राजनीतिक भूचाल: ‘पंचम कवि की टोरिया’ पर जुटे असंतुष्ट पार्षद

दतिया

दतिया

अध्यक्ष के अधिकार सीमित करने का प्रस्ताव पास

दतिया (HRIDAY STAMBH): नगर पालिका की लचर कार्यशैली और शहर में ठप्प पड़ी व्यवस्थाओं से तंग आकर आखिरकार जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है। शनिवार को पंचम कवि की टोरिया पर हुई एक गुप्त और बेहद महत्वपूर्ण बैठक ने दतिया की राजनीति में भूचाल ला दिया है।

नगर पालिका के आधे से अधिक पार्षदों ने एक मंच पर आकर ना सिर्फ अपनी ही व्यवस्था के खिलाफ बिगुल फूंक दिया, बल्कि नगर पालिका अध्यक्ष के अधिकारों पर कैंची चलाने का सीधा फरमान भी जारी कर दिया है।

अध्यक्ष की शक्तियों पर कैंची चलाने की तैयारी

बैठक में मौजूद आक्रोशित पार्षदों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब शहर को मनमानी के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करते हुए पार्षदों ने अध्यक्ष की शक्तियों को सीमित करने की रणनीति तैयार की है। पार्षदों का सीधा आरोप है कि जनहित के कार्यों को दरकिनार कर फाइलें दबाई जा रही हैं और विकास कार्यों में जानबूझकर अड़ंगे लगाए जा रहे हैं।

नामांतरण (Mutation) के लंबित मामलों पर भड़का पार्षदों का गुस्सा

बैठक में सबसे उग्र विरोध नामांतरण (Mutation) के लंबित मामलों को लेकर देखने को मिला। पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आम जनता के नामांतरण के काम सालों से अधर में लटके पड़े हैं।

गंभीर आरोप लगाते हुए पार्षदों ने कहा कि “नगर पालिका के चक्कर लगा-लगाकर बेबस नागरिक पूरी तरह थक और हार चुके हैं, लेकिन अधिकारियों और अध्यक्ष की बेरुखी के कारण उनके नामांतरण आज तक नहीं हो सके हैं।” नामांतरण के नाम पर हो रही इस लापरवाही और जनता के मानसिक शोषण को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बदहाल सफाई व्यवस्था पर आर-पार की जंग: तालाबंदी की चेतावनी

शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, ठप्प पड़े विकास कार्य और लंबित प्रकरणों को लेकर ‘पंचम कवि की टोरिया’ पर एकजुट हुए इस पार्षद दल ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। पार्षदों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि नामांतरण प्रक्रिया में तुरंत पारदर्शिता लाकर लंबित फाइलों का निपटारा नहीं किया गया और जनसमस्याएं हल नहीं हुईं, तो वे नगर पालिका परिसर में उग्र आंदोलन और तालाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

आधे से अधिक पार्षदों की इस आक्रामक गोलबंदी ने नगर पालिका की सत्ता को पूरी तरह हिला दिया है और दतिया की राजनीति में बड़े फेरबदल के संकेत दे दिए हैं।

 

Datia Nagarpalika Parshad Meeting

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *