नई दिल्ली
होटल मालिक गिरफ्तार
नई दिल्ली (NEWS UPDATE): राजधानी के मालवीय नगर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जिसमें एक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल में लगी भीषण आग (Delhi Malviya Nagar Fire) ने 21 लोगों की जिंदगी लील ली। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है।
इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक भी शामिल है। दिल्ली पुलिस के 10 जवान भी घायल हुए है। इस हादसे के चश्मदीद स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ और जानें बच सकती थी अगर दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं। इसके अलावा होटल की इमारत की छत का दरवाजा बंद था, जबकि इमारत की कांच भी नहीं टूट रही थी।
बचाव कार्य में विलेन बना होटल का बंद दरवाजा और ‘ग्लास फंसाड’
हादसे के समय सबसे पहले राहत कार्य में जुटने वाले स्थानीय निवासी मोहम्मद अफजल ने मीडिया को बताया कि होटल की बनावट और लापरवाही के कारण लोग अंदर ही फंस गए।
अफजल के मुताबिक, जब वे इमारत के अंदर पहुंचे तो आग सिर्फ तीसरी मंजिल तक फैली थी। उन्होंने कुछ जीवित लोगों को सुरक्षित छत पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन छत का दरवाजा लॉक था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके।
होटल की इमारत का बाहरी हिस्सा कांच (Glass Facade) से ढका था। आग लगने के बाद अंदर धुआं भर गया। लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय निवासियों ने ईंट और पत्थर फेंके, लेकिन कांच नहीं टूटा। आखिरकार एक लोहे की रॉड से हर मंजिल का कांच तोड़ा गया, तब जाकर कुछ लोग बाहर आ पाए।
जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदे लोग, स्थानीय दुकानदारों ने दिखाई इंसानियत
स्थानीय दुकानदार अरमान मंसूरी और उनके पिता रियाजुद्दीन मंसूरी ने भी पीड़ितों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया। उन्होंने इमारत से नीचे कूद रहे लोगों को बचाने के लिए अपनी दुकान के कम से कम 20 गद्दे निकालकर बिछाए। कई लोग उन पर कूदकर बच गए।
जान बचाने के लिए हाथों में प्रेशर कुकर लिए थे पीड़ित
एक अन्य बचावकर्मी फजल ने अंदर का खौफनाक मंजर बयां करते हुए कहा, “अंदर जाने पर हमने देखा कि दम घुटने से कई लोगों की मौत हो चुकी थी। कुछ लोगों ने कांच की मजबूत दीवार को तोड़ने के लिए रसोई से प्रेशर कुकर का इस्तेमाल किया था, लेकिन वे नाकाम रहे। जब उनके शव मिले, तो उनके हाथों के पास प्रेशर कुकर पड़े हुए थे।”
Delhi Hotel Fire Accident
Delhi Malviya Nagar Fire
