डबरा
सोशल मीडिया पर बनेगी ‘डिजिटल सेना’
डबरा (HRIDAY STAMBH): मध्य प्रदेश में सत्ता वापसी की जद्दोजहद में जुटी कांग्रेस ने अब ग्वालियर ग्रामीण की राजनीति में एक बड़ा और रणनीतिक दांव चल दिया है। कांग्रेस की यह लड़ाई अब सिर्फ सड़कों, चौराहों और जनसभाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सोशल मीडिया के डिजिटल मैदान में भी पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने प्रेस वार्ता के दौरान IT सेल और यूथ कांग्रेस के माध्यम से गांव-गांव और बूथ-बूथ तक युवाओं को जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है। दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई सेना तैयार करेगी, जो पार्टी की विचारधारा और जन मुद्दों को जनता तक पहुंचाएगी।
हर गांव और मोहल्ले की डिजिटल प्रतिभाओं को खोजेगी कांग्रेस
ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस की प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने कहा कि आज हर गांव, हर मोहल्ले और हर घर में प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, लेकिन उन्हें सही मंच और दिशा की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस ने बूथ स्तर तक IT सेल और यूथ कांग्रेस को सक्रिय करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे युवाओं को खोजेगी जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, समाज और राजनीति में रुचि रखते हैं तथा जनता की आवाज को डिजिटल माध्यमों से बुलंद कर सकते हैं। कांग्रेस का लक्ष्य केवल सदस्य बनाना नहीं, बल्कि एक मजबूत डिजिटल संगठन तैयार करना है।
भाजपा के IT सेल पर भारी पड़ेगी कांग्रेस की रणनीति
जब प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मजबूत IT सेल और सोशल मीडिया नेटवर्क को लेकर सवाल किया, तो प्रभु दयाल जोहरे बेहद आत्मविश्वास में नजर आए।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का IT सेल अब विपक्ष की तुलना में कई गुना अधिक सक्रिय, रचनात्मक और प्रभावी भूमिका में दिखाई देगा। उन्होंने साफ किया कि डिजिटल टीम का मुख्य काम समाज के वास्तविक मुद्दों को रचनात्मक तरीके से जनता के सामने लाना होगा।
गुटबाजी की खबरों पर लगाया पूर्णविराम, कहा- ‘जीतू पटवारी के नेतृत्व में सब एकजुट’
प्रेस वार्ता के दौरान डबरा और ग्वालियर ग्रामीण कांग्रेस में कथित गुटबाजी को लेकर भी सवाल उठे। इस पर जिला अध्यक्ष प्रभु दयाल जोहरे ने स्पष्ट शब्दों में किसी भी प्रकार के मतभेद या गुटबाजी से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा संगठन के सभी प्रकोष्ठ मिलकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पहले से अधिक मजबूत और संगठित होकर मैदान में उतर रही है।
“विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है सरकार”
प्रभु दयाल जोहरे ने राज्य की वर्तमान सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस आम जनता की समस्याओं, महंगाई या बेरोजगारी को लेकर आंदोलन करती है, तो प्रशासन और सरकार मिलकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास करते हैं।
आंदोलनों को रोकने के लिए धारा 144 जैसे हथकंडे अपनाए जाते हैं। लेकिन, कांग्रेस कार्यकर्ता इन गीदड़भभकियों से डरकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक मजबूती से विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे।
