शिवपुरी
शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरा बैरियर एक बार फिर अवैध वसूली और दबंगई को लेकर विवादों में घिर गया है। बीती रात यहां यात्रियों से भरी बस और ट्रेवलर को रोककर न सिर्फ पैसे की मांग की गई, बल्कि विरोध करने पर ड्राइवरों और यात्रियों के साथ मारपीट भी की गई। घटना से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने नेशनल हाईवे-27 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे देर रात तक यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक बस जैसे ही रात करीब 1:30 बजे सिकंदरा बैरियर पहुंची, वहां मौजूद अज्ञात लोगों ने वाहन को रोक लिया और ड्राइवर से 2 हजार रुपए की मांग की। ड्राइवर लाखाराम द्वारा विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसी तरह एक अन्य घटना में नेपाल से लौट रहे यात्रियों की ट्रेवलर को भी रोककर ड्राइवर के साथ मारपीट की गई।
हाईवे पर हंगामा, पुलिस ने खुलवाया जाम
घटना से नाराज यात्रियों ने एनएच-27 पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीओपी आयुष जाखड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी समझाइश के बाद जाम खुलवाया। हालांकि इस दौरान बैरियर स्टाफ और यात्रियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
समझौते की कोशिश का आरोप
स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि बैरियर पर सक्रिय प्राइवेट कटरों ने मामला दबाने के लिए करीब एक लाख रुपए में समझौते की पेशकश की। इस आरोप के बाद पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
चार अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
दिनारा थाना पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हाईवे जाम करने वाले यात्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात सामने आ रही है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
गौरतलब है कि 8-9 अप्रैल की दरमियानी रात को भी इसी बैरियर पर एक महिला टीएसआई के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
प्रशासन पर उठे सवाल
लगातार हो रही घटनाओं ने आरटीओ और चेक पोस्ट व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
