सिंधिया के दौरे की तैयारियां जोरो पर, कलेक्टर ने पिछोर-शिवपुरी में कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

शिवपुरी

शिवपुरी

मोती सागर तालाब की सफाई के निर्देश, भौंती में जनसुनवाई स्थल तय; सीएम राइज स्कूल व इंजीनियरिंग कॉलेज का भी दौरा

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 25 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पिछोर, भौंती और शिवपुरी में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पिछोर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव के साथ विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले पिछोर में नवीन तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण कर पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम ने पिछोर के प्रमुख स्थल मोती सागर तालाब एवं किले का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों द्वारा तालाब की साफ-सफाई की मांग उठाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने पिछोर किले को पर्यटन एवं दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी दी।
कलेक्टर ने भौंती में प्रस्तावित जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए स्थल चयन भी किया। प्रारंभ में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया गया, लेकिन स्थान की कमी के कारण काईट ग्लोबल स्कूल परिसर को अंतिम रूप से चुना गया। यहां आमजन के लिए टेंट, कूलर, बिजली और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद कलेक्टर शिवपुरी पहुंचे, जहां उन्होंने जनसुनवाई के लिए प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था कोटा के प्रांगण का चयन किया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया, जिसका लोकार्पण केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
इसके अलावा सतनवाड़ा स्थित यूआईटी आरजीपीवी इंजीनियरिंग कॉलेज का भी निरीक्षण किया गया। यहां मंत्री छात्रों से संवाद करेंगे। कलेक्टर ने कॉलेज में लैब, ऑडिटोरियम एवं सभागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सीओई लैब को लेकर डायरेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण धाकड़ से चर्चा की।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम ममता शाक्य, अतिरिक्त सीईओ एन.एस. नरवरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य दौरे को सफल और व्यवस्थित बनाना है, जिसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *