हर नागरिक की जिम्मेदारी से ही बनेगा स्वच्छ और विकसित शहर — नरेंद्र सिंह तोमर

ग्वालियर

ग्वालियर

अंबेडकर जयंती पर वार्ड-26 में 3.5 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, चलित प्याऊ भी समर्पित
मुरार स्थित तिकोनिया पार्क में अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने वार्ड-26 में लगभग 3.5 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही 28 लाख रुपये की लागत से तैयार शीतल एवं शुद्ध पेयजल की चलित प्याऊ भी जनता को समर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और विकसित बनाने के लिए हर नागरिक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल नगर निगम के भरोसे स्वच्छता संभव नहीं है, इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने वार्ड-26 में निरंतर विकास कार्य कराने के लिए पार्षद ममता अरविंद शर्मा के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान वार्ड की विभिन्न बस्तियों में सीमेंट कंक्रीट सड़कें, नालियां, सामुदायिक भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पार्षद गिर्राज कंषाना, ममता अरविंद शर्मा, रेखा त्रिपाठी, मंजूलता कुशवाह, जयसिंह कुशवाह, देवेश शर्मा, अशोक जैन, बैजनाथ घुरैया और अशोक जादौन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने विकास कार्यों की पट्टिकाओं का अनावरण किया और तिकोनिया पार्क में गोगादेव महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन बैजनाथ घुरैया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *