शिवपुरी,
शिवपुरी(HRIDAY STAMBH ); Shivpuri जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सेसई गांव के पास हरिओम ढाबा के समीप यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस का पिछला टायर एक्सेल (धुरी) से टूटकर अचानक अलग हो गया। पहिए निकलते ही अनियंत्रित बस सड़क पर घिसटती चली गई, लेकिन गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं और सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
सड़क से रगड़ के साथ उठीं चिंगारियां, यात्रियों में मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरव टूर एंड ट्रेवल्स की बस सवारियों को लेकर गुना से ग्वालियर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सेसई गांव के समीप पहुंची, अचानक तेज धमाके के साथ बस के पिछले दोनों टायर धुरी से टूटकर दूर जा गिरे।
टायर अलग होते ही बस का पिछला हिस्सा सीधे डामर की सड़क से टकरा गया। तेज रफ्तार बस कई मीटर तक सड़क पर घिसटती रही, जिससे लोहे की बॉडी और डामर के घर्षण से तेज चिंगारियां निकलने लगीं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे।
चालक की समझदारी से थमी बस
बस के अनियंत्रित होने के बावजूद चालक ने धैर्य बनाए रखा और बस को पलटने से बचाते हुए कुछ ही दूरी पर सुरक्षित रोक लिया। बस रुकते ही घबराए यात्री तुरंत बाहर निकले। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे यात्रियों के साथ-साथ प्रशासनिक अमले ने भी राहत की सांस ली।
बसों की फिटनेस और परिवहन विभाग पर उठे सवाल
इस घटना ने प्रदेश में संचालित यात्री बसों की यांत्रिक स्थिति और परिवहन विभाग की चेकिंग व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
- तकनीकी जांच में लापरवाही: सवारियों से भरी बस को लंबी दूरी के रूट पर भेजने से पहले तकनीकी जांच क्यों नहीं की गई?
- फिटनेस सर्टिफिकेट पर संशय: क्या बस को बिना मानकों की गहन जांच किए ही फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया था?
- नियमित चेकिंग का अभाव: NH-46 जैसे व्यस्त राजमार्ग पर दौड़ रहीं कमर्शियल गाड़ियों की नियमित यांत्रिक जांच में विभाग की ढिलाई सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली बस ऑपरेटर कंपनी तथा फिटनेस जांच में कोताही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
