शिवपुरी में जमीन विवाद में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग: दहशत में किसान,

शिवपुरी

 

शिवपुरी,

शिवपुरी(HRIDAY STAMBH);जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जागती में जमीनी विवाद को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खेत पर काम कर रहे किसानों को डराने के उद्देश्य से दबंगों द्वारा दिनदहाड़े ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

​खेत में काम के दौरान घेरा, दनादन दागीं गोलियां

​पीड़ित पक्ष के मेहरबान सिंह, प्राण सिंह, जवार सिंह और ब्रजमोहन ने बताया कि उनका गांव के ही दीवान, गोविंद, विष्णु, हिम्मत, हरकंठ, निरंतर, दीवान सिंह, राजेंद्र और उनके अन्य साथियों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है।

​पीड़ितों के अनुसार, जब वे अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे, तभी आरोपी पक्ष के लोग असलहों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दहशत फैलाने की नीयत से बंदूकों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से खेत में काम कर रहे किसान और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

​सुरवाया पुलिस पर लापरवाही और सुनवाई न करने का आरोप

​घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराने सुरवाया थाना पहुंचे। हालांकि, पीड़ितों का गंभीर आरोप है कि पुलिस ने इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शिकायत दर्ज करने में टालमटोल करती रही।

​अब पुलिस अधीक्षक (SP) से लगाएंगे गुहार

​सुरवाया पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली और सुनवाई न होने से निराश पीड़ितों ने अब जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का दरवाजा खटखटाने का मन बना लिया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे जल्द ही पुलिस अधीक्षक (SP) के समक्ष उपस्थित होकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत करेंगे और निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी व अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *