ग्वालियर
ऊर्जा मंत्री ने आईसीयू में खराब एसी पर लगाई फटकार, मरीजों का हालचाल जानकर भोजन की गुणवत्ता भी परखी
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH)। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बुधवार को उपनगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा का 48 घंटे के भीतर दूसरी बार औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों के उपचार, साफ-सफाई और खान-पान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने आईसीयू और जनरल वार्ड का दौरा किया। आईसीयू में एसी खराब मिलने पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान आईसीयू में भर्ती भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता कोक सिंह राठौर से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सेवा भाव से उनके पैर दबाए।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अस्पताल की रसोई तक पहुंचे और मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने दाल, चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री का निरीक्षण कर भोजन ग्रहण करते हुए गुणवत्ता की जांच की। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को दिए जा रहे उपचार, अस्पताल परिसर की स्वच्छता तथा फार्मेसी स्टोर में आवश्यक एवं जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। अस्पताल के कमरों, गलियारों और शौचालयों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि अस्पतालों का नियमित निरीक्षण मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में त्वरित सुधार लाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
