मेरठ में ममता शर्मसार, प्रेमी संग मां ने ही रची 6 साल के बेटे की हत्या की साजिश

देश विदेश

मेरठ

प्रेमी को सौंपा बेटा, हत्या के 10 मिनट बाद मां को मिला व्हाट्सएप मैसेज- ‘काम हो गया

मेरठ (NEWS UPDATE):मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से रोड़ा हटाने के लिए अपने ही 6 साल के मासूम बेटे अंगदवीर की हत्या करवा दी।

बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में हुए इस हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्पित पाराशर के बाद अब मृतक बच्चे की मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, उसने खाकी को भी झकझोर कर रख दिया है।

​खुद मां ने बेटे को प्रेमी की कार में बैठाया

गुरप्रीत कौर ने खुद व्हाट्सएप कॉल कर अपने प्रेमी अर्पित को घर के पास बुलाया था। जब अर्पित कार लेकर घर से महज 100 मीटर की दूरी पर पहुंचा, तो गुरप्रीत खुद अंगदवीर को लेकर बाहर आई। उसने मासूम को झांसा देते हुए कहा, “अंकल के साथ चला जा, वह तुझे घड़ी और चॉकलेट दिलाएंगे।” मां की बात पर भरोसा कर बच्चा बिना किसी डर के कार में बैठ गया।

बेटे को मौत के मुंह में भेजने के बाद आरोपी मां खुद को बचाने के लिए दवा लेने के बहाने नजीबाबाद स्थित अपने मायके चली गई।

​हत्या के 10 मिनट बाद आया मैसेज: ‘काम हो गया’

पूछताछ के दौरान पुलिस को दोनों के बीच हुई खौफनाक व्हाट्सएप चैट का पता चला है, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया था।

पहला मैसेज (हत्या के 10 मिनट बाद): अर्पित ने गुरप्रीत को मैसेज भेजा— “काम हो गया है।”

मां का जवाब: इस पर गुरप्रीत ने बिना किसी पछतावे के पूछा— “किसी ने देखा तो नहीं?”

पुलिस के पहुंचने पर मैसेज: शाम को जब पुलिस जांच के लिए पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी, तो गुरप्रीत ने घबराकर अर्पित को मैसेज किया— “पुलिस आ गई है, फुटेज उनके हाथ लग गई है और अब वह नहीं बचेगा। कॉल मत करना और मेरा नाम मत लेना।”

क्यों की गई 6 साल के मासूम की हत्या?

गुरप्रीत ने पुलिस के सामने कुबूल किया कि वह अपने पति गुरसेवक से तलाक लेकर प्रेमी अर्पित के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी।

घटना के दो दिन पहले यानी रविवार की रात गुरप्रीत ने अर्पित को अपने घर बुलाया था। देर रात पास की चारपाई पर सो रहे मासूम अंगदवीर की आंख खुल गई और उसने दोनों को एक साथ देख लिया।

दोनों को डर था कि बच्चा यह बात अपने पिता या दादी को बता देगा। इसी राज को दफन करने और अपने रास्ते का कांटा हटाने के लिए दोनों ने मिलकर अंगदवीर की हत्या की खौफनाक साजिश रची।

CCTV फुटेज ने खोला मर्डर मिस्ट्री का राज

अंगदवीर जब घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया, तो उसकी दादी बलविंदर कौर ने बहसूमा थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। एसपी देहात के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी गुत्थी सुलझती चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *