गुना में दिल दहला देने वाली वारदात, दुकान के चेंजिंग रूम में 11वीं की छात्रा से रेप

राज्य

गुना

दुकान में कपड़े ट्रायल करने गई थी छात्रा, चेंजिंग रूम में हुई हैवानियत

गुना (NEWS UPDATE):जिले के आरोन में 11वीं की छात्रा से चेंजिंग रूम में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कपड़े ट्रायल करने गई पीड़िता के साथ आरोपी अमन रघुवंशी ने हैवानियत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यहाँ एक कपड़े की दुकान के चेंजिंग रूम में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

घटना का पूरा विवरण: क्या है मामला?

छात्रा अपनी बहन के साथ पनवाड़ी हाट स्थित एके शिवहरे कपड़ा दुकान से कपड़े खरीदने पहुंची थी। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसने कुछ कपड़े सिलेक्ट किए और उनका ट्रायल करने के लिए जब वो चेंजिंग रूम में गई तो दुकान में मौजूद युवक अमन रघुवंशी चेंजिंग रूम में घुस आया और पास ही बने एक कमरे में जबरदस्ती ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों को दी जानकारी, आरोपी पक्ष पर धमकी देने का आरोप

घटना के बाद बुरी तरह सहमी छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष की तरफ से लगातार उन्हें धमकाया और डराया जा रहा था, जिसके कारण वे तुरंत शिकायत दर्ज कराने में डर रहे थे।

धमकियों से उबरने के बाद परिजन पीड़िता को लेकर आरोन थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

आरोन थाना पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल जांच

पुलिस ने आरोपी अमन रघुवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है। अब जाकर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित पक्ष का कहना है आरोपी पक्ष द्वारा उसे धमकाया जा रहा था इस वजह से अब जाकर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *