भोपाल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम डॉ मोहन यादव ने किया उद्घाटन, रेल नेटवर्क से जुड़ेगा सीधी
भोपाल। मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शनिवार को सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेलखंडों का उद्घाटन कर इन्हें राष्ट्र को समर्पित किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम में भागीदारी की। इस दौरान देवेंद्रनगर-चुरहट यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई। नए रेलखंड शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन के साथ उद्योग, व्यापार और पर्यटन को गति मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव धार जिले से डिजिटल माध्यम से जुड़े। वैष्णव ने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत इन रेलखंडों पर परिचालन शुरू होने से लोगों को शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बेहतर रेल संपर्क से औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
करीब 1,943 करोड़ की लागत से तैयार रेलखंड
अधिकारियों के अनुसार, करीब 65 किलोमीटर लंबे रीवा-चुरहट रेलखंड का निर्माण लगभग 1,070 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इससे सीधी जिले को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं, 53 किलोमीटर लंबे सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड पर लगभग 873 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस मार्ग से सीमेंट और खनिज आधारित उद्योगों को माल परिवहन में सुविधा मिलने तथा सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
एक लाख करोड़ की रेल परियोजनाओं पर काम
रेल मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब एक लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। आने वाले वर्षों में 100 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें और 50 से 60 मेमू व इंटरसिटी जैसी कम दूरी की ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करेगी। इससे ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल सुविधा से विद्यार्थियों, किसानों, उद्योगों और पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित सांसद जनार्दन मिश्रा, राजेश मिश्रा, गणेश सिंह और विष्णु दत्त शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
