झांसी,
झांसी(HRIDAY STAMBH);उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर में 19 वर्षीय युवती चंचल रायकवार की उसके ही प्रेमी कमल रायकवार ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। चार साल लंबे प्रेम-प्रसंग के बाद जब युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, तो बौखलाए प्रेमी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
शादी तय होने से नाराज था प्रेमी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लहरगिर्द खोड़न निवासी चंचल और गांव के ही कमल रायकवार के बीच पिछले 4 वर्षों से प्रेम संबंध थे। परिजनों को जानकारी मिलने पर उन्होंने इसका विरोध किया और चंचल की पढ़ाई छुड़ाकर उसे सिद्धेश्वर नगर स्थित उसकी दादी और चाचा के घर भेज दिया। हालांकि, दोनों फिर भी चोरी-छिपे मिलते रहे। हाल ही में परिजनों ने चंचल का रिश्ता बबीना के खैलार में तय किया था, जिसकी शादी दिसंबर में होना निश्चित हुई थी।
घर में अकेली पाकर मारी कनपटी पर गोली
शादी तय होने की खबर से आक्रोशित प्रेमी कमल दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सिद्धेश्वर नगर स्थित मकान पर पहुंचा। उस समय चंचल घर में अकेली थी। आरोपी ने चंचल की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चाचा से बोला- “तुम्हारी भतीजी को मार आया हूँ”
हत्या के बाद भाग रहे आरोपी का रास्ते में चंचल के चाचा से सामना हुआ। बेखौफ अंदाज में आरोपी ने उनसे कहा, “तुम्हारी भतीजी को गोली मार आया हूँ।” चाचा जब हड़बड़ाते हुए घर पहुंचे तो अंदर फर्श पर चंचल का खून से लथपथ शव पड़ा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित
सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस प्रशासन ने फरार आरोपी कमल की धरपकड़ के लिए 5 विशेष टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

