Gwalior Spy Camera Case: मुख्य आरोपी राधा चौबे और भूपेंद्र धाकड़ ने दी जान

मुरैना

मुरैना/ ग्वालियर

नदी में कूदकर दी जान, हाथ बंधे मिले

मुरैना (HRIDAY STAMBH): चर्चित ‘होटल स्पाई कैमरा ब्लैकमेलिंग कांड’ (Gwalior Spy Camera Case) से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मामले के दो मुख्य आरोपियों, राधा चौबे और भूपेंद्र धाकड़ के शव सोमवार को मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में स्थित सांक नदी से बरामद किए गए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।

सांक नदी के पुराने पुल से लगाई छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राधा चौबे (25) निवासी दतिया और भूपेंद्र धाकड़ (30) निवासी मुरैना सोमवार को बाइक से नूराबाद के पुराने पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों कुछ देर पुल पर रुके और इसके बाद गमछे से अपने हाथ बांधकर नदी में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्या था ग्वालियर का चर्चित स्पाई कैमरा ब्लैकमेलिंग कांड?

यह पूरा मामला सितंबर 2025 में सामने आया था, जिसने ग्वालियर और मुरैना समेत पूरे मध्य प्रदेश को हिलाकर रख दिया था। ग्वालियर के ‘होटल विराट इन’ में रुकने वाले कपल्स के निजी पलों को रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ था।

चीनोर के पुष्पेंद्र की शिकायत पर हुआ था खुलासा

इस गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ जब चीनोर के रहने वाले पुष्पेंद्र नामक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुष्पेंद्र को उसके निजी वीडियो भेजकर ₹1 लाख की डिमांड की गई थी, जिसमें से उसने डरकर ₹50,000 ट्रांसफर भी कर दिए थे।

पुलिस ने जब मामले की परतें खोलीं, तो इंजीनियरिंग छात्रा राधा चौबे, उसके कथित प्रेमी भूपेंद्र धाकड़ और उनके साथी बृजेश धाकड़ के नाम सामने आए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके मोबाइल और पेन ड्राइव जब्त किए थे, जिसमें कई अन्य लोगों के भी आपत्तिजनक वीडियो मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *