ग्वालियर
कलेक्ट्रेट पहाड़ी के जंगल में दिया वारदात को अंजाम
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH): एक सनसनीखेज मामला में जहां सिलाई सेंटर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 31 वर्षीय महिला के साथ कार में दुष्कर्म किया गया। आरोपी पीड़िता को बहला-फुसलाकर कलेक्ट्रेट पहाड़ी के जंगल में ले गया और स्कॉर्पियो गाड़ी में ही वारदात को अंजाम दिया। रविवार को पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर हरदौल गार्डन बुलाया
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह काफी समय से एक अच्छी नौकरी की तलाश में थी। आरोपी से उसकी सामान्य बोलचाल थी, जिसका फायदा उठाकर उसने महिला को झांसे में ले लिया। आरोपी ने महिला को सिलाई सेंटर में नौकरी का आश्वासन दिया और शाम मिलने के लिए हरदौल गार्डन बुलाया।
जान-पहचान होने के कारण महिला वहां पहुंच गई। हरदौल गार्डन के पास कुछ देर बातचीत करने के बाद आरोपी ने उसे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाया और कलेक्ट्रेट पहाड़ी के पास स्थित जंगल की ओर ले गया।
जंगल में गाड़ी के अंदर की जबरदस्ती, दी जान से मारने की धमकी
जंगल में पहुंचकर आरोपी ने महिला के साथ कार के अंदर ही दुष्कर्म किया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को वापस हरदौल गार्डन के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आरोपी की धमकी के कारण महिला बुरी तरह डर गई थी और कुछ दिनों तक शांत रही। आखिरकार रविवार को महिला ने हिम्मत जुटाई और स्थानीय पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपी की तलाश में दबिश जारी
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
