ग्वालियर
ग्वालियर में हैरान करने वाला मामला; आरोपी ने इमोशनल ब्लैकमेल कर अलमारी से पार कराए 1 लाख कैश और सोने-चांदी के गहने, पुलिस में FIR दर्ज
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH): एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहाँ महाराजपुरा थाना क्षेत्र में एक जालसाज युवक ने अपनी ही नाबालिग प्रेमिका को इमोशनली ब्लैकमेल (Emotionally Blackmail) कर उसके घर से 21 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये नकद ठग लिए।
आरोपी ने खुद के एक्सीडेंट का झूठा नाटक रचा था। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
‘मेरा एक्सीडेंट हो गया, पैसे नहीं मिले तो मर जाऊंगा’
ग्वालियर के महाराजपुर थाना इलाके में रहने वाली एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने बताया है कि उसकी नाबालिग बेटी की दोस्ती आदित्य सिंह भदौरिया नाम के युवक से थी। 4 मई 2026 को आदित्य ने बेटी को मैसेज भेजकर लिखा कि उसका एक्सीडेंट हो गया है
इलाज के लिए पैसे नहीं हैं और वक्त पर इलाज नहीं हुआ तो उसका बचना मुश्किल है। बेटी उसकी इमोशनल बातों में आ गई और घर की अलमारी में रखे एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात निकालकर उसे दे दिए।
15 दिन बाद खुली अलमारी तो उड़े होश, ऑनलाइन सट्टे में गंवाई रकम
घटना का खुलासा तब हुआ जब करीब 15 दिन बाद मां ने किसी काम से घर की अलमारी खोली। लॉकर से कैश और जेवरात गायब देख उनके होश उड़ गए। जब उन्होंने बेटी को भरोसे में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो नाबालिग ने रोते हुए आदित्य की पूरी करतूत बयां कर दी।
इसके बाद जब मां-बेटी ने आरोपी आदित्य को फोन कर जेवर वापस मांगे, तो उसने जो कहा उसने सबको चौंका दिया। आरोपी ने कुबूल किया कि वह ऑनलाइन सट्टे (Online Betting) में सारे पैसे और जेवरात हार चुका है। हालांकि, उसने झांसा दिया कि वह 2 जून तक जैसे-तैसे सब कुछ वापस लौटा देगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
आरोपी आदित्य ने 2 जून को जेवरात और पैसे वापस करने के लिए कहा था, लेकिन उसने जब पैसे और जेवर वापस नहीं किए तो महिला ने उसे फिर से फोन किया। बार-बार फोन करने के बाद भी आदित्य ने फोन नहीं उठाया तो महिला ने उसे आत्महत्या करने की धमकी करने का मैसेज भेजा।
इसके बाद आदित्य ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। आरोपी के फोन बंद करने के बाद परेशान मां-बेटी महाराजपुरा थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने आरोपी आदित्य सिंह भदौरिया के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
