Dabra Crime: डबरा में दिनदहाड़े बड़ी डकैती, AC सर्विसिंग के बहाने घर में घुसे

डबरा/भितरवार

डबरा

AC सर्विसिंग के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने गर्भवती महिला को पीटा, लाखों की लूट

डबरा (HRIDAY STAMBH): डबरा शहर में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई जिसने ये बता दिया कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद है

डबरा सिटी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पिछोर तिराहा स्थित संस्कृति नगर के पास सचदेवा कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट और डकैती की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया।

दो अज्ञात बदमाश एयर कंडीशनर (AC) ठीक करने के बहाने एक घर में दाखिल हुए और वहाँ मौजूद महिला के साथ बेरहमी से मारपीट कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट कर फरार हो गए।

AC सर्विसिंग के बहाने आए और सिर पर तान दी पिस्तौल

पीड़ित महिला पिंकी श्रीवास्तव ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि दोपहर के समय दो युवक उनके घर के दरवाजे पर आए। उन्होंने आवाज देकर कहा कि उन्हें रानू श्रीवास्तव ने AC की सर्विसिंग के लिए भेजा है।

पिंकी श्रीवास्तव ने जब कहा कि उनके घर का AC तो बिल्कुल ठीक है, तो बदमाशों ने चालाकी दिखाते हुए कहा, “अगर आपको विश्वास नहीं है, तो आप फोन लगाकर बात कर लीजिए।”

जैसे ही पिंकी श्रीवास्तव कूलर पर रखा अपना मोबाइल फोन उठाने के लिए मुड़ीं, दोनों बदमाशों ने तुरंत घर के अंदर घुसकर मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। बदमाशों ने महिला के सिर पर पिस्तौल अड़ा दी और उन्हें घसीटते हुए अंदर के कमरे में ले गए।

हाथ-पैर बांधकर की लूटपाट

पीड़ित महिला के मुताबिक, बदमाशों ने उनके साथ भयंकर मारपीट की। बदमाशों ने उनका सिर कमरे में रखी श्रृंगारदानी (ड्रेसिंग टेबल) पर दे मारा, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

इसके बाद बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और लोहे के एक बक्से या औजार से अलमारी का लॉक तोड़ दिया। अलमारी में रखे सारे जेवरात और नकदी को बदमाशों ने अपने बैग में भरा और मौके से रफूचक्कर हो गए।

शादी के जेवर और जीवनभर की गाढ़ी कमाई ले गए लुटेरे

घर की दूसरी महिला मोनिका श्रीवास्तव (रानू श्रीवास्तव), जो सराफा बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करती हैं, ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि उनकी भाभी पिंकी श्रीवास्तव वर्तमान में गर्भवती हैं। वह अपनी सास (जिन्हें पैरालिसिस है) की देखभाल के लिए इन दिनों डबरा वाले घर पर ही रह रही थीं।

मोनिका श्रीवास्तव के अनुसार, बदमाशों ने घर में रखी भतीजी की सगाई के नए जेवर और कुछ पुराने पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। लुटेरे करीब 3.5 से 4 लाख रुपये कैश और लगभग 60 से 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए हैं।

डबरा सिटी थाना पुलिस की कार्रवाई और CCTV फुटेज की जांच

लूल-लहान हालत में पीड़ित महिला को परिजनों के साथ डबरा सिटी थाना ले जाया गया, जहाँ मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिले और उनका लूटा हुआ सामान वापस दिलाया जाए।

पुलिस का बयान: सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल भेजा गया है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि दिनदहाड़े इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *