शिवपुरी
नरवाई की चिंगारी बनी तबाही
2 घंटे तक नहीं पहुंची दमकल, दतिया-झांसी से बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड
शिवपुरी/दिनारा, जिले के दिनारा क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा अग्निकांड हो गया, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। खेत में जलाई जा रही नरवाई की आग पास स्थित करीब 4 बीघा में फैले कबाड़ गोदाम तक पहुंच गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में गोदाम में रखी करीब 2 करोड़ रुपये की महंगी मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। गोदाम में रखे कबाड़ और सूखे सामान ने आग को और भड़काने का काम किया। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में धुआं और लपटें फैल गईं।
दमकल की देरी से हुआ बड़ा नुकसान
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि करीब 2 घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। स्थानीय स्तर पर कोई त्वरित राहत नहीं मिलने से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में नरबर, शिवपुरी,पिछोर करैरा सहित दतिया और झांसी से दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा, तब जाकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू हो सकी।
पास बने मकानों को भी हुआ नुकसान
आग की चपेट में आने से गोदाम के पास बने कुछ मकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि समय रहते लोगों ने अपने घरों को खाली कर दिया, जिससे जनहानि टल गई।
नरवाई जलाना बना कारण
ग्रामीण क्षेत्रों में नरवाई जलाने की परंपरा एक बार फिर खतरनाक साबित हुई है। जानकारी के अनुसार, तेज हवा और सूखी फसल के अवशेष गोदाम तक पहुचने से आग को तेजी से फैलती चली गई,ओर देखते देखते आग ने विकराल रूप ले लिया ।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अगर समय पर दमकल पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
