देवास में दर्दनाक हादसा: बच्चों को स्कूल भेजकर महिला ने की खुदकुशी

राज्य

देवास 

मंदिर से लौटते ही उठाया खौफनाक कदम

बच्चों से टिफिन पूरा खा लेने और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात भी कही

देवास (NEWS UPDATE):देवास शहर के शुक्रवारिया हाट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 38 वर्षीय महिला, रिंकी पडियार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय महिला का पति मॉर्निंग वॉक पर गया हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

रोजाना की तरह बच्चों को भेजा स्कूल, दी पढ़ाई की हिदायत

शुक्रवारिया हाट निवासी मनोज पडियार की पत्नी रिंकी पडियार (38) ने मंगलवार सुबह यह आत्मघाती कदम उठाया। सुबह पति मनोज रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान रिंकी ने अपने बच्चों को हमेशा की तरह तैयार किया और स्कूल ऑटो में बैठाया।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, बच्चों को विदा करते समय रिंकी ने उनसे टिफिन पूरा खत्म करने और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात भी कही थी। किसी को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उठाया आत्मघाती कदम

बच्चों को स्कूल भेजने के बाद रिंकी पास के ही एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। मंदिर से लौटने के तुरंत बाद उन्होंने घर के अंदर दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली।

घटना का खुलासा तब हुआ जब पति मनोज पडियार मॉर्निंग वॉक से वापस लौटे। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका होने पर मनोज ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, तो अंदर रिंकी का शव फंदे से लटका मिला।

मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस जाँच में जुटी

पति मनोज के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस का बयान

“घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *