रतलाम में महिला पटवारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मोबाइल बंद

राज्य

रतलाम

पुलिस को पूर्व थाना प्रभारी के बेटे पर शक

रतलाम (NEWS UPDATE): रतलाम जिले की आलोट तहसील में पदस्थ 30 वर्षीय महिला पटवारी (दीपिका चिल्ले) सोमवार देर रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस की टीमें पूर्व थाना प्रभारी के बेटे की तलाश में जुटी हुई हैं।

बैठक के बाद देर रात हुई गायब

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को महिला पटवारी प्रशासनिक बैठक में शामिल हुई थीं। इसके बाद वह अपने स्थानीय निवास पर पहुंचीं। उनके साथ रहने वाली एक अन्य साथी पटवारी ने जब उनके गायब होने की जानकारी इंदौर में रह रहे परिजनों को दी, तो हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत आलोट पहुंचे और पुलिस में मामला दर्ज करवाया।

पूर्व थाना प्रभारी के बेटे पर अपहरण का संदेह

मामले में एक पुराना पुरुष मित्र संदेह के घेरे में है, जो धार जिले का निवासी बताया जा रहा है और एक पूर्व थाना प्रभारी का बेटा है। स्थानीय लोगों और परिजनों की आशंका है कि वह युवक रात में आलोट आया था और पटवारी को अपने साथ ले गया। परिजनों ने युवती के अपहरण की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस की टीमें रवाना, तलाश जारी

एसडीओपी पल्लवी गौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार लाल ने बताया कि परिजनों की सूचना के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। संदिग्धों और उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें बनाकर रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही महिला पटवारी का सुराग लगा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *