भोपाल/रतलाम
आलोट बीजेपी विधायक चिंतामणि मालवीय पर महिला शोषण का आरोप
भोपाल/रतलाम (NEWS UPDATE)। एमपी में बीजेपी विधायक, सांसद, मंत्री नित नए विवादों में फंस रहे हैं। सत्तााधारी पार्टी के नेताओं पर महिला शोषण तक के आरोप लग रहे हैं। ऐसे ही एक मामले से प्रदेश की राजनीति में खलबली मच गई है।
मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। रतलाम जिले के आलोट से बीजेपी विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय पर एक महिला ने शोषण, उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले ने तूल तब पकड़ लिया जब पीड़ित महिला की शिकायत पर कथित रूप से उचित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मैदान में उतर आई।
प्रदेश महिला कांग्रेस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिकायत की है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विधायक के प्रभाव और राजनीतिक दबाव के चलते पीड़ित महिला को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
वहीं, विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने पूरे मामले को साजिश बताते हुए कहा कि आरोप पूरी तरह तथ्यहीन, असत्य और आधारहीन हैं। विधायक का कहना है कि वह ऐसी किसी महिला को नहीं जानते, जिनके संबंध में उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने महिला कांग्रेस पर भी पलटवार करते हुए कहा कि बिना प्रमाण के आरोप लगाने के बजाय ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।
फिलहाल मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच तूल पकड़ता जा रहा है और अब सभी की नजरें प्रशासन और जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
