देवास
40 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल, 1 को लगे 200 से अधिक डंक
देवास (NEWS UPDATE):स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा की तिरंगा यात्रा एक हादसे में तब्दील हो गई। डीजे वाहन पेड़ से टकराने के बाद भड़कीं मधुमक्खियों ने कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया, जिसमें 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान एक अजीबोगरीब और दर्दनाक हादसा सामने आया। विजयागंज मंडी क्षेत्र में 500 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ निकाली जा रही बाइक तिरंगा यात्रा पर अचानक सैकड़ों मधुमक्खियों के झुंड ने हमला बोल दिया। इस हमले में लगभग 40 से 50 पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।
डीजे की गाड़ी टकराने से भड़कीं मधुमक्खियां
घायलों में शामिल भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा के अनुसार, यात्रा के साथ चल रही डीजे उपकरण वाली गाड़ी अचानक रास्ते में पड़े एक पेड़ से टकरा गई। इस पेड़ पर मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता बना हुआ था। टक्कर लगते ही छत्ता टूट गया और गुस्से में सैकड़ों मधुमक्खियों ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया।
सोयाबीन के खेतों में छिपकर बचाई जान
मधुमक्खियों का हमला होते ही कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेत में छिप गए। उन्हें बाद में वहां से निकाला गया।” महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय के डॉ. कमल किशोर के अनुसार मधुमक्खियों के हमले में घायल छह लोगों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया,”इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसे करीब 200 मधुमक्खियों ने काटा। इलाज के बाद सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।”
Dewas BJP Tiranga Yatra Bee Attack
