दतिया ब्रेकिंग- अवैध संबंधों के चलते 1000 किलोमीटर दूर प्रेमी से मिलने आई महिला की प्रेमी ने की हत्या

दतिया
दतिया 
एसपी ने किया हत्याकांड का खुलासा
Datia Crime News: पत्नी को अश्लील मैसेज भेजने और शादी का दबाव बनाने पर आरोपी बंटी दोहरे ने की थी अंजली की हत्या
दतिया (HRIDAY STAMBH)। पुलिस अधीक्षक दतिया  मयूर खंडेलवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम में महिला के अंधे क़त्ल का खुलासा किया हैं। उन्होंने बताया कि थाना पंडोखर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त कर हत्या के आरोपी को मात्र 48 घंटे में गिरफ्तार किया गया हैं ।
सूरत की फैक्ट्री में हुआ था प्यार, दोनों पहले से थे शादीशुदा
एसपी ने बताया कि आरोपी वंटी दोहरे निवासी मैथाना पाली, इंदरगढ़, जिला दतिया, सूरत (गुजरात) की एक फैक्ट्री में कार्य करता था, जहां उसकी पहचान मृतिका अंजली (परिवर्तित नाम) निवासी जौनपुर, उत्तरप्रदेश से हुई। दोनों के बीच निकट संबंध स्थापित हो गए। आरोपी पूर्व से विवाहित था, जबकि मृतिका भी दो बच्चों की मां थी और अपने पति से अलग रह रही थी।
शादी का दबाव और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह
समय के साथ मृतिका आरोपी पर शादी का दबाव बनाने लगी तथा उसकी पत्नी को छोड़कर साथ रहने की बात कहने लगी। आरोपी द्वारा संपर्क बंद करने पर मृतिका ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आरोपी की पत्नी को अश्लील संदेश एवं धमकियां भेजना शुरू कर दिया, जिसकी रिपोर्ट थाना भांडेर में दर्ज कराई गई थी। 23 मार्च 2026 को मृतिका सूरत से दतिया पहुंची और जानकारी मिलने पर पंडोखर में आरोपी से मिली। आरोपी उसे बातचीत के बहाने पुहज नदी के पुराने पुल के पास ले गया। वहां मोबाइल चेक करने पर आरोपी को अपनी पत्नी से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो एवं फर्जी इंस्टाग्राम आईडी मिली, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।
चुन्नी से गला घोंटा, फिर जिंदा नदी में फेंका
विवाद के दौरान मृतिका द्वारा शादी का दबाव बनाने एवं धमकी देने पर आरोपी ने गुस्से में उसकी चुन्नी से गला घोंट दिया और बेहोशी की हालत में उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे पानी में डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतिका के दोनों मोबाइल फोन तोड़कर नदी में फेंक दिए।
 25 मार्च 2026 को नदी में महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी पंडोखर रिपुदमन सिंह राजावत एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में एसडीओपी भांडेर पूनमचंद यादव, एफएसएल अधिकारी डॉ. सतीश मान, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं साइबर सेल भी मौके पर पहुंचे।  तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर मृतिका की पहचान अंजली (परिवर्तित नाम) निवासी जौनपुर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई।
मृतिका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर मृतिका का बैग एवं घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय भांडेर के समक्ष प्रस्तुत किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *