डबरा
पुलिस के सामने सरेआम फायरिंग का VIDEO वायरल
डबरा (HRIDAY STAMBH): डबरा (टेकनपुर) से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए रेत माफियाओं ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात मौके पर मौजूद खाकी (पुलिस) के सामने हुई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चेक पोस्ट पर रॉयल्टी जांच के दौरान हुआ विवाद
जिले में रेत उत्खनन और परिवहन का ठेका आरएसई स्टोन वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड (RSE Stone World Pvt Ltd) के पास है। कंपनी ने रेत वाहनों की रॉयल्टी और जरूरी दस्तावेजों की जांच के लिए टेकनपुर तिराहे पर एक चेक पोस्ट बनाया है।
शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे कंपनी के कर्मचारी अर्जुन सोलंकी अन्य साथियों के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रेत से भरा एक ट्रैक्टर वहाँ से गुजरा। जब कर्मचारियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। उसके ठीक पीछे एक और रेत से भरा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में निकला।
फिल्मी अंदाज में पीछा, फिर स्कॉर्पियो को मारी टक्कर
रेत चोरी की आशंका होने पर अर्जुन सोलंकी और उनके साथियों ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (क्रमांक MP 07 ZP 0626) से दोनों ट्रैक्टरों का पीछा करना शुरू किया। जैसे ही वे भरथरी पुल के पास पहुंचे और ट्रैक्टरों को घेरने का प्रयास किया, ट्रैक्टर चालकों ने दुस्साहस दिखाते हुए कंपनी के कर्मचारियों की स्कॉर्पियो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के सामने ही चलती रहीं ताबड़तोड़ गोलियां
टक्कर मारने के तुरंत बाद मौके पर संजीव गुर्जर सहित पाँच लोग हथियार लेकर पहुँच गए और उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही टेकनपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन माफियाओं में कानून का कोई खौफ नहीं दिखा।
घटना का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें पुलिसकर्मी चिल्लाते हुए कह रहे हैं—“तुम्हें पुलिस नहीं दिख रही क्या?” इसके बावजूद दूसरी तरफ से लगातार गोलियां चलने की आवाजें आ रही हैं।
ग्वालियर एसपी के एक्शन के बाद भागे आरोपी, मामला दर्ज
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसपी ने तुरंत एक्शन लिया और डबरा सर्कल के सभी थाना प्रभारियों को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
देर रात पीड़ित कर्मचारी अर्जुन सोलंकी ने डबरा सिटी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
