डबरा (ग्वालियर),
डबरा (HRIDAY STAMBH)डबरा-ग्वालियर नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार दोपहर समुदन गुरुद्वारे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के पीछे बैठे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने खोया नियंत्रण
जानकारी के अनुसार, बाइक चालक उदयवीर सिंह किसी काम से वृद्ध अमरीत सिंह को साथ लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। समुदन गुरुद्वारे के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट आने के कारण अमरीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उदयवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, आरोपी चालक हिरासत में
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की सूचना पर डबरा सिटी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से घायल उदयवीर सिंह को डबरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं हाईवे पर ई-रिक्शा की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है।


