छतरपुर,
छतरपुर(HRIDAY STAMBH);मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित अमलतास कॉलोनी में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। संपत्ति के लालच में 27 वर्षीय ज्योति चौरसिया की उसके पति लखन जोशी ने अपने साथी के साथ मिलकर गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी पति और उसके दोस्त सोनू कुशवाहा को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
50 एकड़ कृषि भूमि और पैसों का लालच
परिजनों के अनुसार, महाराजपुर निवासी हुकूम सिंह चौरसिया की ज्योति इकलौती बेटी थी, जिनके पास करीब 50 एकड़ उपजाऊ जमीन है। करीब 6 साल पहले ज्योति ने लखन जोशी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही लखन की नजर ज्योति के पिता की 50 एकड़ जमीन पर थी। वह जमीन अपने नाम कराने और पैसों की मांग को लेकर ज्योति के साथ लगातार मारपीट व प्रताड़ना करता था।
होटल में वेटर का काम कर बच्चों को पाल रही थी ज्योति
पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर ज्योति अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी। उसने छतरपुर की अमलतास कॉलोनी में किराए का कमरा लिया था और गुजर-बसर के लिए एक होटल में वेटर की नौकरी कर रही थी। हाल ही में किसी आपराधिक मामले में जेल से छूटे आरोपी पति ने ज्योति की हत्या की साजिश रची।
दुकान से लौटते समय किया हमला
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब ज्योति दुकान से सामान लेकर लौट रही थी, तभी बाइक से पहुंचे आरोपी पति और उसके साथी ने बहस के बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को महोबा (यूपी) से धर दबोचा। फिलहाल पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद करने में जुटी है।

