भितरवार-हरसी मार्ग पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर

डबरा/भितरवार

भितरवार

एक युवक की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर

भितरवार (HRIDAY STAMBH): भितरवार-हरसी मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सहारन गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।

सामान खरीदकर घर लौट रहे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के बामोर निवासी रोहन गुर्जर (25 वर्ष) अपने साथी युवराज गुर्जर (16 वर्ष) के साथ भितरवार बाजार से सामान खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही वे सहारन गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक MP 07 CE 1058) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सड़क किनारे खंती में पलटी स्कॉर्पियो

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। वहीं, बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल भितरवार शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाइक चला रहे रोहन गुर्जर की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया, जबकि युवराज गुर्जर को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही भितरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भितरवार थाना प्रभारी सुधीर कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। खंती में पलटी स्कॉर्पियो को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

 

Bhitarwar Scorpio Bike Accident

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *