अजय राय का बड़ा ऐलान: 2027 में पिंडरा से ठोकेंगे ताल, कहा— ‘पैसे और पावर के आगे कभी नहीं झुका,

देश विदेश

 

वाराणसी,

​वाराणसी(HRIDAY STAMBH);उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय राय ने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा और स्पष्ट राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने औपचारिक घोषणा की है कि वे वाराणसी की पिंडरा विधानसभा सीट से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को शिकस्त देकर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे।

​राजनीतिक गलियारों में उनके दल-बदल को लेकर चल रही तमाम अटकलों और अफवाहों पर पूर्ण विराम लगाते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस उनके लिए केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि उनका परिवार है।

​”पद और मंत्री पद का लोभ नहीं, सिद्धांतों की राजनीति सर्वोपरि”

​अजय राय ने अपने शुरुआती राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि जब वे 1996 में पहली बार पिंडरा से विधायक चुने गए थे, तब वे उत्तर प्रदेश विधानसभा के सबसे कम उम्र के विधायकों में से एक थे। उस समय बसपा सरकार की ओर से उन्हें कैबिनेट मंत्री का बड़ा ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने मंत्री पद के प्रलोभन को ठुकरा कर सिद्धांतों और जनसमर्थन का रास्ता चुना। उन्होंने निर्दलीय जनसमर्थन के बाद भी सत्ता के मोह को त्यागकर कांग्रेस का दामन थामा और तब से एक निष्ठावान सिपाही की तरह पार्टी की सेवा कर रहे हैं।

​बीजेपी पर बोला तीखा हमला: “प्रलोभन देने में माहिर है भाजपा”

​भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए अजय राय ने कहा कि बीजेपी सत्ता और पैसे के दम पर नेताओं को फंसाने का काम करती है। उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि वर्ष 2014 से लेकर 2024 के लोकसभा चुनावों तक भाजपा की ओर से उन्हें अपने पाले में लाने के लिए धन, पद और पावर के तमाम प्रलोभन दिए गए।

​अजय राय ने कहा, “भाजपा ने मुझे साथ मिलाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन मैं अपने सिद्धांतों पर अडिग था और आज भी हूँ। कांग्रेस पार्टी ने मुझे जो मान-सम्मान दिया है, उसे छोड़कर कहीं जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता।” उन्होंने बीजेपी पर देश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय करने का आरोप भी लगाया।

​2027 में पिंडरा की जनता रचेगी इतिहास

​अजय राय ने विश्वास जताया कि पिंडरा विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ उनका भावनात्मक और पारिवारिक रिश्ता है। जनता के इसी अपार स्नेह और समर्थन के बल पर वे 2027 के चुनावी रण में उतरेंगे और पिंडरा की सीट जीतकर कांग्रेस का परचम लहराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *