डबरा
डबरा (HRIDAY STAMBH);
आगामी त्योहारों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले पटाखा कारोबारियों के खिलाफ डबरा में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार की देर रात शहर की शिक्षक कॉलोनी में स्थित एक बंद गोदाम पर प्रशासनिक अमले और पुलिस बल ने अचानक छापामार कार्रवाई की। इस दौरान गोदाम के भीतर बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों के अवैध रूप से रखा गया लाखों रुपये की आतिशबाजी का जखीरा पकड़ा गया। अधिकारियों के प्राथमिक अनुमान के अनुसार जब्त पटाखों का बाजार मूल्य 10 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
सटीक इनपुट पर एएसपी (देहात) ने दिए निर्देश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) जयराज कुबेर को गुप्त सूचना (इनपुट) मिली थी कि शिक्षक कॉलोनी के एक बंद गोदाम में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है, जिससे रहवासी इलाके में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी ने डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार को तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार की मौजूदगी में टूटा ताला
जब पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो गोदाम पर बाहर से ताला लगा हुआ था। रहवासी क्षेत्र और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत एसडीएम नवकिरण कौर को स्थिति की जानकारी दी। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार नवीन भारद्वाज मौके पर पहुँचे और प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए पंचनामा तैयार करवाया गया, जिसके बाद गोदाम का ताला खोला गया।
अंदर का नजारा देख उड़े होश, गोदाम सील
जैसे ही गोदाम का शटर खोला गया, अधिकारियों के होश उड़ गए। अंदर भारी मात्रा में विभिन्न किस्मों के पटाखों से भरे कार्टन और पेटियाँ रखी हुई थीं। मौके पर मौजूद गोदाम संचालक पक्ष से जब भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस, अनुज्ञप्ति पत्र या बिल माँगे गए, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे।
सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रशासनिक टीम ने पूरे गोदाम को तुरंत प्रभाव से सील (Seal) कर दिया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, आज होगी गिनती
अधिकारियों ने बताया कि रविवार की देर रात समय काफी अधिक हो जाने के कारण गोदाम के अंदर रखे पटाखों के डिब्बों की विस्तृत गिनती और सूचीबद्धता नहीं की जा सकी।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने जानकारी दी कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या सुरक्षा में चूक से बचने के लिए सील किए गए गोदाम के बाहर दो हथियारबंद पुलिस जवानों को चौबीसों घंटे के पहरे पर तैनात कर दिया गया है। सोमवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गोदाम खोलकर सामग्री की गिनती की जाएगी और नियमानुसार विधिवत जब्ती की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

