डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);
फाइनेंस की किस्त चुकाने के दबाव और परिजनों से पैसे ऐंठने की नीयत से एक युवक द्वारा अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिजोर्रा थाना पुलिस और ग्वालियर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस फर्जी अपहरण कांड का महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी को शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र से सकुशल हिरासत में ले लिया है।
कान के इलाज का बहाना बनाकर निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी भूरा सिंह बघेल (निवासी गिजोर्रा) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका भतीजा राहुल बघेल कान का इलाज कराने ग्वालियर गया था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल बंद आने लगा, तो परिजनों ने गिजोर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
व्हाट्सएप पर मांगी 5 लाख रुपये की फिरौती
गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही देर बाद परिजनों के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। इसमें राहुल के अपहरण का दावा करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। फिरौती न देने या पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई थी।
आपराधिक रिकॉर्ड से गहराया पुलिस का शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिजोर्रा थाना प्रभारी उपेंद्र धाकड़ और पिछोर थाना प्रभारी शिवम राजावत की टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने जब राहुल का बैकग्राउंड खंगाला, तो पता चला कि उसने फाइनेंस पर एक बाइक ली थी, जिसकी किस्त न चुकाने पर कोर्ट से स्थायी वारंट जारी हो चुका था और वह पहले भी जेल जा चुका था। लोन का भारी दबाव सामने आते ही पुलिस को राहुल पर शक हुआ।
सर्विलांस और CCTV से पोहरी में मिली लोकेशन
एसएसपी ग्वालियर के निर्देशन में गठित साइबर टीम ने मोबाइल की सीडीआर (CDR), सर्विलांस और रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। राहुल की लोकेशन शिवपुरी के पोहरी क्षेत्र में ट्रेस होते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे धर दबोचा।
पूछताछ में उगला सच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) जयराज कुबेर ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने पर राहुल ने कबूल किया कि कोर्ट वारंट और लोन के दबाव से बचने के लिए उसने यह साजिश रची थी। वह अपने दोस्त के ट्रक से पोहरी पहुंचा था और वहीं से परिजनों को फिरौती का मैसेज भेजा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ षड्यंत्र रचने और गुमराह करने की धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

