पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के डबरा निवासी गुर्गे गिरफ्तार

डबरा/भितरवार

नई दिल्ली

NCR में बड़ी साजिश नाकाम: पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के दो गुर्गे गिरफ्तार, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की थी तैयारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई, ग्वालियर के दो युवक ISI से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में; हथियारों के साथ पकड़े गए, 5 दिन की पुलिस कस्टडी में

नई दिल्ली:
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान से संचालित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे।

ग्वालियर के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के निवासी हैं। राजवीर डबरा क्षेत्र का रहने वाला है, जिसे 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया गया। वहीं विवेक को 16 अप्रैल को ग्वालियर के डबरा से पकड़ा गया।

सोशल मीडिया के जरिए हुई भर्ती

जांच में सामने आया है कि दोनों युवकों को ‘राना भाई’ नाम के एक शख्स ने सोशल मीडिया के जरिए गैंग में शामिल किया था। यह नेटवर्क पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी और कथित तौर पर ISI से जुड़ा बताया जा रहा है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मार्च में राजवीर को अहमदाबाद भेजा गया था। इसके बाद 9 अप्रैल को दोनों आरोपी अमृतसर पहुंचे, जहां से वे एक पिस्तौल, 15-20 जिंदा कारतूस और करीब 20 हजार रुपये लेकर लौटे थे।

इस पूरे मामले में 31 मार्च को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को इनपुट मिला था कि NCR में बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही है, जिसके बाद स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

5 दिन की पुलिस कस्टडी, जांच जारी

फिलहाल दोनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *