सीवर लाइन भरी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई: प्रद्युम्न सिंह तोमर

ग्वालियर

ग्वालियर

निरीक्षण के दौरान गंदगी और जाम सीवर पर जताई नाराजगी, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

शहर की सीवर व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तानसेन नगर स्थित वैश्य गार्डन के पास, मोहिते गार्डन क्षेत्र, गेंडे वाली सड़क और शिंदे की छावनी रोड का जायजा लिया। निरीक्षण के समय अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, एसडीएम नरेश बाबू यादव सहित निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान गेंडे वाली सड़क पर सीवर लाइन भरी हुई मिलने और आसपास गंदगी पाए जाने पर मंत्री तोमर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय पर और सही तरीके से सफाई नहीं करने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नाला संकरा और ऊपर से ढका होने के कारण अक्सर जाम रहता है, जिस पर मंत्री ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नाले को जगह-जगह खोलकर जाली लगाने के निर्देश दिए।
तानसेन नगर में स्वर्ण रेखा नाले का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने सीवर लाइन की सफाई और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर सभी सीवर लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
मोहिते गार्डन क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान उन्होंने बरसात से पहले नालों की पूरी सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं शिंदे की छावनी रोड पर बार-बार खराब हो रही सड़क को लेकर नाराजगी जताई और पानी की लीकेज समस्या को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
मंत्री तोमर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेताया कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सीवर व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी समस्या हो, उसका त्वरित समाधान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *