भितरवार
भितरवार के बेलगढ़ा थाना क्षेत्र की घटना, CCTV में कैद हुई मारपीट; 6 आरोपियों पर मामला दर्ज
ग्वालियर जिले के बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के डोंगरपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया। पंगत में सब्जी परोसने को लेकर रावत समाज के दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान मंगल सिंह रावत और उनके चाचा समेत अन्य लोगों को लाठियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया गया। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि यह शादी समारोह बघेल समाज के यहां आयोजित था। प्रारंभिक विवाद बच्चों द्वारा सब्जी परोसने को लेकर हुआ, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया था। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, जब मंगल सिंह रावत समारोह से लौटकर अपने घर जा रहे थे, तभी नरेश सरपंच के घर के सामने आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी हमला किया गया।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग शादी समारोह के बाहर मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में कल्लू, गोलू, रविंद्र कपूर, देव, भूरा मस्ते और आशिक रावत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
