शिवपुरी
शिवपुरी में आयोजित रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविर ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इसे एक ही स्थान पर आयोजित देश के सबसे बड़े निःशुल्क मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
यह विशाल शिविर 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर हजारों मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच, दवाइयां और उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर दी गई।
इस उपलब्धि को 24 मार्च को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया, जो शिवपुरी जिले और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह पहल न केवल जन-स्वास्थ्य को मजबूत करने में सहायक रही, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधिया ने कहा कि इस सफलता में सभी स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में प्रत्येक व्यक्ति को संतुष्ट रखना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन पूरे शिविर के दौरान किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई, जो उत्कृष्ट प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने शिविर में अपनाई गई डिजिटल प्रक्रिया और क्यूआर कोड आधारित पंजीयन व्यवस्था की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विधायक शिवपुरी देवेन्द्र जैन, विधायक कोलारस महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में प्रदीप पाराशर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भूपेंद्र जैन, रोटरी क्लब ग्वालियर एवं शिवपुरी के पदाधिकारी, रोटेरियन्स, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
