प्रेम विवाह करने वाले दंपति ने एसपी से लगाई गुहार, परिजनों से जान का बताया खतरा

शिवपुरी

शिवपुरी

प्रेम विवाह करने के बाद एक दंपति ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है। रोशनी शाक्य और अजय शाक्य ने आवेदन देकर परिजनों से जान-माल के खतरे की आशंका जताई है।
दंपति ने आवेदन में बताया कि दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह कर वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। विवाह के बाद युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं और उन्हें लगातार जान से मारने, झूठे मामलों में फंसाने तथा गंभीर आरोप लगाने की धमकियां दे रहे हैं।
उन्होंने आशंका जताई है कि किसी भी समय उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। ऐसे में उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन में दंपति ने संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें अपनी पसंद से जीवन जीने और साथ रहने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने किसी भी संभावित झूठे मामले में निष्पक्ष जांच की भी मांग की है।
दंपति ने अपने आवेदन के साथ आधार कार्ड, विवाह के फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *