जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में उमड़ा जनसैलाब, पहले ही दिन 8648 मरीजों ने कराया उपचार

शिवपुरी

शिवपुरी

रोटरी क्लब और श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन का संयुक्त आयोजन, 24 मार्च तक
शिवपुरी शहर के सीएम राइज स्कूल मेडिकल कॉलेज के पीछे में रोटरी क्लब इंटरनेशनल और श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में पहले ही दिन मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर के पहले दिन कुल 8648 मरीजों ने पंजीयन कराकर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और उपचार कराया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि 17 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित इस 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अंतर्गत जिले भर से आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा दी जा रही है।
पहले दिन शिविर में विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इनमें जनरल ओपीडी में 2486, मेडिसिन में 1438, ऑर्थोपेडिक में 1387, नाक-कान-गला (ईएनटी) में 678, नेत्र रोग में 636, स्क्रीनिंग में 516, डेंटल में 207 और स्त्री रोग विभाग में 208 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा शिशु रोग, मनोचिकित्सा, श्वास रोग, शल्य चिकित्सा, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी और गैस्ट्रोलॉजी विभागों में भी मरीजों की जांच की गई।
शिविर में मरीजों को विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इनमें 376 यूएसजी, 695 एक्स-रे, 608 पैथोलॉजी जांच, 12 एफएनएसी, 74 एमआरआई और 10 सीटी स्कैन शामिल हैं।
आयोजकों के अनुसार शिविर के आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने की संभावना है। इस शिविर के माध्यम से जिले के जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार और जांच की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *