14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी, यूपी में 13 मौतें

देश विदेश

लखनऊ

उत्तराखंड में बर्फबारी-भूस्खलन, बिहार के 50 से ज्यादा गांव जलमग्न; एमपी-राजस्थान में भी अलर्ट

लखनऊ। उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे से जारी बारिश और तेज हवाओं से अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

तेज बारिश और हवाओं से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। लखनऊ में सड़कें और कई घर पानी में डूब गए हैं। कन्नौज के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी बारिश के कारण हादसे की सूचना है। प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

उत्तराखंड में बर्फबारी, भूस्खलन से रास्ते बंद

उत्तराखंड में भी मौसम का असर दिखाई दे रहा है। बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में बर्फबारी हुई है, जबकि पिथौरागढ़-घाट मार्ग पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।

बिहार में कोसी का जलस्तर बढ़ा

बिहार के सुपौल में लगातार बारिश और कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से 50 से अधिक गांवों में पानी भरने की सूचना है। राज्य के कई जिलों में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।

एमपी और राजस्थान में भी बारिश का दौर

मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटे मौसम खराब रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *