तिलक वर्मा के तूफानी शतक से मुंबई इंडियंस की बड़ी जीत, गुजरात 99 रन से हारी

खेल

IPL 2026

शुरुआती झटकों के बाद तिलक ने संभाली पारी, MI ने तोड़ा हार का सिलसिला

IPL 2026 सीजन के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 99 रनों से हराकर शानदार वापसी की। इस मैच में तिलक वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया और गुजरात को करारी हार का सामना करना पड़ा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 10 रन के स्कोर पर डेब्यूटेंट दानिश मालेवर (2) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद भी विकेटों का पतन जारी रहा और 44 रन तक MI अपने तीन अहम बल्लेबाज खो चुकी थी।

तिलक-नमन की साझेदारी ने बदला मैच

मुश्किल परिस्थितियों में तिलक वर्मा ने नमन धीर के साथ 40 गेंदों में 52 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। नमन धीर ने 32 गेंदों में 45 रन बनाकर टीम को स्थिरता दी। हालांकि, 96 रन के स्कोर पर उनका विकेट गिर गया। इसके बाद तिलक वर्मा ने कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ 38 गेंदों में 81 रन की साझेदारी की। हार्दिक पांड्या भले ही 15 रन ही बना सके, लेकिन तिलक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोक दिए, जिसमें 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत MI ने 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को 1-1 सफलता मिली। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम दबाव में बिखर गई और 99 रन से मुकाबला गंवा बैठी। इस हार के बाद GT प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है।

वहीं, लगातार चार मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस ने जीत की राह पर वापसी करते हुए प्वाइंट्स टेबल में 7वें स्थान पर छलांग लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *