भागवत के बैनर में फ़ोटो न लगाने के विवाद को ले कर गोलियां चली

शिवपुरी

शिवपुरी ब्रेकिंग 

जमीन विवाद में चली गोलियां

शिवपुरी के छान गांव में एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़े, किशोरी समेत दो घायल

शिवपुरी(HRIDAY STAMBH)- शिवपुरी जिले के अमोला थाना अंतर्गत छान गांव में भागवत कथा के बैनर को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। 4 बीघा जमीन के पुराने विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी और फायरिंग हुई। घटना में 14 वर्षीय किशोरी और 24 वर्षीय युवक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोग मारपीट में चोटिल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राम सिंह तोमर के बेटे शिशुपाल तोमर का अपने ही परिवार के लखन तोमर, इन्द्रपाल तोमर और उनके बेटों से 4 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में कोर्ट का फैसला शिशुपाल तोमर के पक्ष में आने के बाद वे खेत पर तार फेंसिंग कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने विरोध करते हुए कब्जा नहीं करने दिया और तनाव बढ़ गया।

भागवत कथा के बैनर से बढ़ी थी दुश्मनी

ग्रामीणों के अनुसार अप्रैल माह में गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान लगाए गए बैनरों में परिवार के कुछ लोगों की फोटो नहीं लगाई गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और फायरिंग जैसी स्थिति बन चुकी थी। हालांकि उस समय समाज की पंचायत ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था और किसी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

राजीनामा बैठक में अचानक हमला

घायल पक्ष के जितेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि मंगलवार को समाज के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए बैठक रखी गई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग हथियार, लाठी और डंडों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।

आरोप है कि केशव तोमर, अरुण तोमर, अरविंद तोमर, सतेंद्र तोमर, रविन्द्र तोमर, विकास तोमर, लखन तोमर, चतुर सिंह, माखन, इन्द्रपाल और रणवीर तोमर ने कट्टा और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना में वीरेंद्र तोमर के हाथ में गोली लगी, जबकि मनीषा सोलंकी भी गोली लगने से घायल हो गई। इसके अलावा कई लोगों के साथ मारपीट की गई।

अस्पताल जाते समय भी हमला

जितेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन बाद में करेरा पहुंचकर घायल पक्ष के लोगों पर फिर हमला किया। बताया गया कि जब उसका भाई घायल मनीषा को देखने अस्पताल जा रहा था, तब रास्ते में उस पर पत्थर फेंके गए।

गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर

घटना के बाद सभी घायलों को करेरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मनीषा सोलंकी को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *