रुद्रप्रयाग
श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव खत्म करने की मांग तेज
रुद्रप्रयाग (BIG UPDATE)।उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में वीआईपी सिस्टम के खिलाफ पंडा समाज का उग्र प्रदर्शन। “वीआईपी व्यवस्था बंद करो” के नारों के साथ प्रशासन पर फूटा गुस्सा।
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शनिवार को पंडा समाज ने इस व्यवस्था के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और “वीआईपी व्यवस्था बंद करो” के नारे लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान पंडा समाज के सदस्यों ने आरोप लगाया कि वीआईपी दर्शन प्रणाली के चलते आम श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव हो रहा है। उनका कहना है कि जहां आम भक्तों को घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है, वहीं वीआईपी लोगों को विशेष सुविधा देकर सीधे दर्शन कराए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।
पंडा समाज ने मांग की कि धाम में सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू की जाए और वीआईपी सिस्टम को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। हालांकि, पंडा समाज अपनी मांगों पर अडिग नजर आया। इस विरोध प्रदर्शन के बाद केदारनाथ धाम में व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है, जहां एक ओर प्रशासन सुचारु संचालन की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय पंडा समाज और श्रद्धालु समानता की मांग को लेकर मुखर हो रहे हैं।
