रतलाम
पूर्व गृहमंत्री ने खुद की सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
रतलाम (NEWS UPDATE)। भाजपा सरकार के पूर्व गृहमंत्री ने खुद की सरकार के अधिकारियों की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा कर धरना दिया और आगे आमरण अनशन तक की चेतावनी दे डाली।
प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी बुधवार को अचानक एसपी कार्यालय पहुंच गए और एसपी चेंबर के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके इस कदम से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। पूर्व मंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जब जनप्रतिनिधियों की ही सुनवाई नहीं हो रही है, तो आम नागरिकों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, बसंत पुरोहित ने करीब 25 वर्ष पहले दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर इलाके में एक प्लॉट खरीदा था। करीब दो महीने पहले जब वह जमीन की नपती कराने पहुंचे, तब पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने उस प्लॉट पर अपना दावा करते हुए विवाद खड़ा कर दिया।
धरने की सूचना मिलते ही बाहर आए एसपी
एसपी कार्यालय में हिम्मत कोठारी जमीन पर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार तत्काल चेंबर से बाहर आए और उन्हें अंदर आकर चर्चा करने का आग्रह किया। इसके बाद डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली गई और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हिम्मत कोठारी ने कहा कि दो से तीन महीने से पीड़ित पक्ष परेशान हो रहा है, लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी की अनुमति लेकर आमरण अनशन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो उनके पास पार्टी छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह निष्क्रिय होती जा रही है।
