पूरे के पूरे गाँव की भैंस चोर एक साथ चुरा कर ले गए

भिंड

भिंड

पूरे गांव की 70-80 भैंसें रातों-रात चोरी

भिंड के नगर का पुरा गांव में वारदात, बीहड़ों की ओर हांक ले गए मवेशी; पुलिस ने शुरू की सर्चिंग

 

 

भिंड (BREAKING NEWS): भिंड जिले में चोरी की एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोर एक पूरे गांव की 70 से 80 भैंसें रातों-रात चोरी कर ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नगर का पुरा गांव की है। गांव के एक छोटे मंझरा में रहने वाले 8 से 10 परिवारों की लगभग सभी भैंसें चोर खोलकर ले गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया।

सुबह जब ग्रामीण जागे और अपने पशुओं को बंधे स्थान पर नहीं पाया, तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि चोर भैंसों को बीहड़ों की दिशा में हांक कर ले गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की चोरी को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है।

पुलिस भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में राजस्थान से जुड़े किसी गिरोह की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है। थाना पुलिस ने आसपास के बीहड़ों और सीमावर्ती इलाकों में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मवेशियों की बरामदगी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *