पारसी थीम पर ‘धरोहर फेस्ट’ का आगाज, सिंधिया कन्या विद्यालय में दो दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन शुरू

ग्वालियर

ग्वालियर

सिंधिया कन्या विद्यालय में नौवें माधवराव सिंधिया धरोहर फेस्ट का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘पारसी धरोहर’ रखी गई है। महोत्सव में देशभर के 13 प्रतिष्ठित विद्यालयों के करीब 210 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की अध्यक्ष प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया, प्राचार्य निशि मिश्रा, मुख्य अतिथि पुरातत्वविद् व खाद्य मानवविज्ञानी कुरुश दलाल, अतिथि रिया दलाल तथा विशेष अतिथि यज़्दी करांजिया मौजूद रहे। धरोहर ब्रोशर का विमोचन भी किया गया।
प्रारंभ में छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुति दी। प्राचार्य निशि मिश्रा ने स्वागत भाषण में प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए आयोजन को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का मंच बताया।
प्रातःकालीन सत्र में पारसी संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें ग्लास पेंटिंग, पारसी रंगोली, गारा कढ़ाई, ई-पोस्टर तथा उद्यमिता विषय शामिल रहे। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
सांयकालीन सत्र में पारसी थिएटर प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामाजिक, ऐतिहासिक व रोमांटिक विषयों पर नाट्य प्रस्तुतियां दीं। सिंधिया कन्या विद्यालय की छात्राओं ने ‘सोहराब-ओ-रुस्तम’ का मंचन कर दर्शकों को भावुक कर दिया।
मुख्य अतिथि कुरुश दलाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। यज़्दी करांजिया ने आयोजन की प्रस्तुति और उद्देश्य की सराहना की।
आयोजन के दूसरे दिन 17 अप्रैल को पारसी आर्ट रिलीफ, पारसी व्यंजन, ई-ब्रोशर निर्माण और स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *