मुरार जिला चिकित्सालय में प्राइवेट वार्डों का शुभारंभ

ग्वालियर

ग्वालियर

नर्सों व सफाई मित्रों ने फीता काटकर किया उद्घाटन, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जिले के मुरार स्थित जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक प्राइवेट एवं सेमी-प्राइवेट वार्डों का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने पारंपरिक परिपाटी से हटकर इन वार्डों का उद्घाटन अस्पताल की नर्सों एवं सफाई मित्रों से फीता कटवाकर कराया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की असली ताकत उसका सेवाभावी स्टाफ होता है और उन्हें सम्मान देना आवश्यक है।
जिला चिकित्सालय में तैयार किए गए इन वार्डों में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। प्राइवेट श्रेणी में 4 सिंगल बेड वार्ड तथा 2 सेमी-प्राइवेट वार्ड (प्रत्येक में 4 बेड) बनाए गए हैं। वार्डों में बेहतर वेंटिलेशन, अटेंडेंट के बैठने की समुचित व्यवस्था एवं स्वच्छता के उच्च मानक सुनिश्चित किए गए हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। इन वार्डों के शुरू होने से मध्यम वर्गीय परिवारों को किफायती दर पर बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, सिविल सर्जन डॉ. आर.के. शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रबंधक राजेश बिरथरिया सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन डॉ. शर्मा ने बताया कि वार्डों के संचालन के लिए स्टाफ को आवश्यक निर्देश एवं प्रशिक्षण दिए गए हैं, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिहीन सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *