कोलारस
लोकार्पण और जनसंवाद कार्यक्रमों की तैयारियों का जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कल कोलारस विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। केंद्रीय मंत्री सिंधिया का यह दौरा आगामी विकास योजनाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिंधिया कोलारस क्षेत्र में न केवल करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे, बल्कि जनसंवाद के माध्यम से सीधे आमजन की समस्याओं का निराकरण भी करेंगे। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं जिला पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने कमान संभाल ली है। गुरूवार को विधायक महेंद्र सिंह यादव के साथ कलेक्टर अर्पित वर्मा और एसपी अमन सिंह राठौड़ ने ग्राम पंचायत लुकवासा और कोलारस नगर परिषद द्वारा निर्मित नवीन बस स्टैंड स्थित सभा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल और छाया के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर मंच की मजबूती, बैरिकेडिंग, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट को लेकर खाका तैयार किया गया है। विधायक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया कोलारस क्षेत्र के विकास को नई गति देने आ रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न नवनिर्मित भवनों, सड़कों सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही भविष्य की बड़ी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। इस दौरान एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, एसडीओपी संजय मिश्रा, टीआई गब्बर सिंह गुर्जर, तहसीलदार प्रदीप भार्गव, लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा, सीएमओ रमेश भार्गव, जनपद सीईओ दिनेश शाक्य, पूर्व नप अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे एवं लुकवासा भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
इन विकास कार्यों का होगा लोकार्पण व भूमिपूजन
कोलारस में नवीन बस स्टैंड, कॉम्प्लेक्स, जनपद पंचायत भवन, बालक-बालिका छात्रावास सहित करोड़ों के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न होंगे। पंचायत भवन लुकवासा में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जनसमस्याएं सुनकर उनका निराकरण करेंगे। बूड़ाडोंगर में करोड़ों की लागत से बनी जैकेट फैक्ट्री का लोकार्पण करेंगे। बदरवास में बालक-बालिका छात्रावास का भूमिपूजन करेंगे। बदरवास के जनपद पंचायत भवन का भूमिपूजन और आईटीआई भवन का लोकार्पण करेंगे। रन्नौद में नवीन तहसील भवन का लोकार्पण करेंगे।

