जबलपुर
जमीन नापने के बदले मांगी थी घूस
जबलपुर (NEWS UPDATE): लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने यहां जमीन सीमांकन के एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक (Revenue Inspector) करण सिंह लोधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जमीन सीमांकन के बदले मांगी थी घूस
शिकायतकर्ता और स्थानीय व्यापारी रोहित कुमार जैन ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम को करने के बदले में राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।
रोहित जैन रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए इस पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस से कर दी।
लोकायुक्त ने बिछाया जाल, घर के बाहर से दबोचा
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। रणनीति के तहत जैसे ही व्यापारी रोहित जैन रिश्वत की रकम लेकर पहुंचे, लोकायुक्त की टीम ने तत्परता दिखाई।
टीम ने राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी को रतन कॉलोनी स्थित उनके घर के सामने ही 80 हजार रुपये की नगद घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के ठिकानों की भी जांच की जा सकती है।
