ग्वालियर
जनसुनवाई में बोले मंत्री— “जन सेवा ही हमारा संकल्प, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान”
जन-जन की सेवा को प्राथमिकता देते हुए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को रेसकोर्स रोड स्थित 38 नंबर सरकारी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वे जिस स्थान पर हैं, वह जनता के आशीर्वाद का परिणाम है और जनता की सेवा ही उनका कर्तव्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाना है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने विकास कार्यों को लेकर कहा कि शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने स्वच्छता, हरियाली और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान करते हुए नागरिकों से शहर को साफ-सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
जनसुनवाई के दौरान उन्होंने प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

