ग्वालियर
मुरार की भीषण आग में कलेक्टर रुचिका चौहान ने संभाला मोर्चा
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH):मुरार स्थित बंशीपुरा क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर की दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में उसने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने खुद संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान स्वयं राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने बंशीपुरा पहुंच गईं। उन्होंने न केवल आग बुझाने के अभियान का बारीकी से निरीक्षण किया, बल्कि प्रभावित व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें ढांढस भी बंधाया।
स्थिति बेकाबू देख वायुसेना से मांगी मदद
आग की भयानकता को देखते हुए कलेक्टर ने बिना समय गंवाए वायुसेना (Air Force) के अधिकारियों से संपर्क साधा। एयरफोर्स और नगर निगम की फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियों को तत्काल मौके पर बुलाया गया। नगर निगम के पूरे फायर अमले ने मुस्तैदी से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया।
प्रशासनिक सतर्कता से टला बड़ा हादसा
कलेक्टर के निर्देशों के अनुसार, जब तक आग पूरी तरह शांत नहीं हो जाती, तब तक प्रशासनिक बल मौके पर ही तैनात रहेगा। समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।
