सहालग की खरीदारी से महाराज बाड़ा क्षेत्र में भीड़, दिनभर जाम से जूझते रहे लोग

ग्वालियर

ग्वालियर

14 अप्रैल को खरमास समाप्ति से पहले बाजारों में बढ़ी रौनक, यातायात व्यवस्था प्रभावित
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र महाराज बाड़ा में सहालग के चलते रविवार को भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। 14 अप्रैल को खरमास समाप्त होने के चलते विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों के लिए खरीदारी करने बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे।
महाराज बाड़ा स्थित सराफा, कपड़ा एवं अन्य खुदरा बाजारों में ग्राहकों की खासी भीड़ देखने को मिली। आभूषण, परिधान, बर्तन एवं सजावटी सामग्री की दुकानों पर दिनभर खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। व्यापारियों के अनुसार सहालग के कारण पिछले कुछ दिनों में ग्राहकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
भीड़ के चलते महाराज बाड़ा एवं आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा, बावजूद इसके कई स्थानों पर स्थिति सामान्य होने में समय लगा।
उल्लेखनीय है कि खरमास की अवधि में मांगलिक कार्यों पर परंपरागत रूप से रोक रहती है। 14 अप्रैल को इसके समाप्त होने के बाद विवाह सीजन प्रारंभ होगा, जिसके चलते बाजारों में अभी से खरीदारी का माहौल बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *