देशभर में मौसम का डबल अटैक: 12 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, कई हिस्सों में लू का कहर

देश विदेश

नई दिल्ली

IMD की चेतावनी—65 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, उत्तर भारत में 26 अप्रैल तक जारी रह सकती है भीषण गर्मी

नई दिल्ली: देश में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और कुछ अन्य राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के भीतर 12 राज्यों में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है।

इन 12 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तर भारत में लू का कहर जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अप्रैल को लू चल सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश (23-26 अप्रैल), राजस्थान (24-26 अप्रैल), मध्य प्रदेश (23-26 अप्रैल), विदर्भ और छत्तीसगढ़ (24-27 अप्रैल) में भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।

इन इलाकों में विशेष लू का अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अप्रैल, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल, राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल और मध्य प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक लू चलने का अनुमान है। वहीं बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में भी 23 अप्रैल को लू की स्थिति बन सकती है।
तटीय राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम

23 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और आर्द्र मौसम बना रह सकता है, जिससे लोगों को उमस से परेशानी होगी।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए दिन में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें। वहीं जिन राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *